लिसाडिया में कोरोना पॉजिटिव मिला, होम क्वॉरेंटाइन करने के बाद भी गांव में घूमा
दो बार राउमावि तक गया, परिवार व पत्नी के संपर्क में भी रहा
सीकर,(अश्वनी शर्मा)27 मई। कस्बे के लिसाडीया ग्राम पंचायत में बुधवार सुबह एक व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया । प्रशासन व मेडिकल टीम ने सतर्कता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर कोरोना पॉजिटिव सहित उसके परिजनों स्कैनिंग कर सैम्पल लिए । लेकिन पॉजिटिव व्यक्ति की लापरवाही ने चिकित्सा विभाग की परेशानियां बढ़ा दी । ट्रैवल हिस्ट्री के अनुसार व्यक्ति 25 मई को पर्सनल गाड़ी द्वारा दिल्ली के पालम से गांव आया था। सूचना पर 26 मई को चिकित्सा टीम ने सेंपलिंग लेकर घर पर होम क्वॉरेंटाइन के लिए पाबंद किया ।
लेकिन व्यक्ति ने होम क्वॉरेंटाइन की पालना नहीं की । पड़ोसियों का कहना है कि वह पत्नी एवं बच्चों के संपर्क में भी रहा हैं तथा एक-दो जगह गांव में भी घूमा हैं। पीएचसी इंचार्ज नरेश सैनी ने बताया कि पाबंद करने के बाद भी पॉजिटिव व्यक्ति दो बार गांव में स्थित राउमावि तक जाकर आया है। व्यक्ति के पिता ढाणियों में सेविंग एवं कटिंग करने जाता हैं व मां पास स्थित रावले में काम करने जाती है, इस कारण गांव में अन्य व्यक्तियों के पॉजिटिव होने की भी आशंका है।
पॉजिटिव की सूचना पर सरपंच ने मोहल्ले को सैनेटाइज करवाया : पॉजिटिव व्यक्ति की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि मक्खन यादव ने पॉजिटिव व्यक्ति के घर सहित आसपास के तीन सौ मीटर तक के सभी घरों को सैनिटाइज करवाया और लोगों से घरो के अंदर रहने की अपील की।
पड़ोसी एक युवक 2 दिन तक पास में आकर बैठता था : पड़ोसियों का कहना है कि पड़ोस का एक युवक रोज दोपहर में दिल्ली से आए व्यक्ति के पास बैठता था। बुधवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद में वह गांव से फरार हो गया ।