महंत सुनीता किन्नर ने गरीब परिवार की बेटी की शादी में सोने-चांदी से भरा भात
सुभाष प्रजापत
तारानगर (दैनिक नवयत्न ) । तारानगर क्षेत्र के राजपुरा गांव में उस समय भावुक और गर्व का माहौल बन गया, जब तारानगर की महंत सुनीता किन्नर अपनी टीम के साथ एक गरीब परिवार की दो बेटियों की शादी में भात भरने पहुंचीं। ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच जैसे ही भात की रस्म अदा की गई, वहां मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बन गया । जानकारी के अनुसार महंत सुनीता की धर्म बहन मूर्ति की दो बेटियों का विवाह था। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण शादी की जिम्मेदारियां भारी थीं। ऐसे में महंत सुनीता ने आगे बढ़कर बहन का फर्ज निभाया और पूरे सम्मान के साथ भात की रस्म अदा की।
भात में उन्होंने 3 सोने के गले के आभूषण, 3 चांदी के कड़े, 3 जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने व चांदी की अंगूठियां, घरेलू बर्तन व आवश्यक सामान सहित ₹21,000 नकद राशि भेंट की। इसके अलावा विवाह समारोह में आए सैकड़ों मेहमानों को कपड़े और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
महंत सुनीता ने कहा कि समाज ने उन्हें पहचान और सम्मान दिया है, इसलिए जरूरतमंद परिवारों की मदद करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि वे अब तक 11 बार भात भर चुकी हैं और दो गरीब परिवारों की बेटियों की शादी भी संपन्न करवा चुकी हैं।भात कार्यक्रम के दौरान उनकी टीम की राधा, मोनिक, रूबी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
ज्ञात हो कि महंत सुनीता समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यों—जैसे गरीब परिवारों की मदद, जरूरतमंदों को आर्थिक सहयोग, वस्त्र वितरण और सामूहिक आयोजनों में सहयोग—के माध्यम से समाज सेवा करती रहती हैं। वही आपको बता दे की राजपुरा गांव में संपन्न यह आयोजन केवल एक विवाह समारोह नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदना का सशक्त संदेश बन गया।