विधायक महर्षि कर रहे है गलत बयानबाजी-पुजारी

रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)11 मई। एक तरफ देश व प्रदेश कोरोना महामारी से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ विधायक अभिनेश महर्षि झूठी और गलत बयानबाजी कर क्षेत्र व प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे है जो इस समय निन्दनीय है। उक्त उद्गार सोमवार को चूरू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भंवरलाल पुजारी ने पार्टी मुख्यालय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में रखे। उन्होंने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के समस्त सांसदों व विधायक गणों से जरिये वीसी वार्ता की उस दौरान विधायक महर्षि ने राशन वितरण में कांग्रेस जनों को शामिल करने व प्रदेश के आला अधिकारी द्वारा उक्त आदेश जारी होने बताया जो एकदम झूठ का पुलिंदा है। इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं हुआ अपितु जिला कलेक्टर चूरू द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर 2020 को मुख्यमंत्री के निर्देश की प्रदेश में कोई व्यक्ति भूखा न सोये इसकी पालना में कला साहित्य संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के शासन उपसचिव ने 29 मार्च को इस आशय बाबत एक पत्र जारी किया था, जिसके तहत जिला कलेक्टर चूरू ने जिला ब्लॉक स्तर पर संयोजक व सह संयोजक नियुक्त किये थे। वहीं पुजारी ने बताया कि महर्षि ने रतनगढ़ क्षेत्र में ट्यूबवेल व पानी की समस्या का जिक्र किया जो बिना अधिकृत जानकारी के तथ्य रखे जो उनके पद के विपरित है। पुजारी ने बताया कि रतनगढ़ क्षेत्र में 358 ट्यूबवेल है जिनमें से वर्तमान में 350 कार्यरत है तथा आपणी योजना, जलदायक विभाग सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। इसके साथ कन्टेंजनसी योजनांतर्गत 50 लाख रूपये स्वीकृत है और इस बाबत जिला कलेक्टर ने 14 लाख रूपयों की स्वीकृति जारी कर दी है। पुजारी ने कड़े शब्दों में कहा कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने का है। विधायक महर्षि जिस तरह गलत और मिथ्या बयानबाजी कर रहे है उसकी मैं निंदा करता हूं जबकि विधायक की पार्टी के प्रमुख देश के प्रधानमंत्री व राजस्थान विधानसभा के प्रतिपक्ष नेता राजस्थान के मुख्यमंत्री की कोरोना के रण में किये गए कार्यों की प्रशंसा कर चुके हैं और राजस्थान सरकार से देश के अन्य राज्यों को सीखने की नसीहत दे चुके है। पुजारी ने कोविड 19 के रण में कार्य कर रहे समस्त विभागों के अधिकारियों, कर्मियों को साधुवाद दिया और सोमवार को मुख्यमंत्री द्वारा राजस्थान में एक जिले से दूसरे जिले में जाने हेतु व बॉर्डर से आने वाले राज्य के लोगों को नियमों में दी गई शिथिलता पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। आयोज्य वार्ता में पी सी सी सदस्य कल्याणसिंह शेखावत, शहर ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चाकलाण, जिला पदाधिकारी रामनारायण व्यास, पालिका नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र बबेरवाल उपस्थित थे।

You might also like