महात्मा गांधी राजकीय स्कूल का होगा जीर्णोद्धार
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के जसरापुर गांव स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में जसरापुर ग्रामीण विकास समिति के सौजन्य से बड़े स्तर पर जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। जसरापुर निवासी एवं मुंबई प्रवासी भामाशाह निर्मल बथवाल, अशोक बथवाल और प्रदीप बथवाल के आर्थिक सहयोग से करीब 30 लाख रुपए से अधिक की लागत से विद्यालय का नवीनीकरण किया जा रहा है। प्रधानाचार्य सरोज काजला ने बताया कि विद्यालय में ऊपर-नीचे बने 8 कक्षा कक्षों के फर्श टूटे हुए थे, दीवारों का प्लास्टर झड़ रहा था, खिड़कियां व जालियां क्षतिग्रस्त थीं और बरसात में छत टपकने की समस्या बनी हुई थी। इसके अलावा बरामदे, रैंप, सीढ़ियां, पोषाहार रसोई और बाउंड्री वॉल भी जर्जर स्थिति में थी। इन समस्याओं को जसरापुर ग्रामीण विकास समिति के पदाधिकारियों के समक्ष रखा गया।इसके बाद समिति की बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से विद्यालय के संपूर्ण जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। योजना के तहत कक्षा कक्षों और बरामदों में ग्रेनाइट पत्थर लगवाना, कमरों का प्लास्टर करवाना, छत की मरम्मत, खिड़की-जाली बदलना, नए दरवाजे लगवाना, रसोई, रैंप और सीढ़ियों का सुधार तथा बाउंड्री वॉल की मरम्मत कराई जा रही है।भामाशाह निर्मल बथवाल ने बताया कि उनके पिता हरिकृष्ण बथवाल ने इसी विद्यालय से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी स्मृति को चिरस्थाई बनाने के उद्देश्य से यह जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। भामाशाह ने मुंबई से आकर विद्यालय में चल रहे कार्यों का अवलोकन भी किया।
इस दौरान निर्मल बथवाल, पवन कुमार मंसारामका (अहमदाबाद), पवन कुमार संधई (दिल्ली), प्रधानाचार्य सरोज काजला, छगनलाल शर्मा, शिवकुमार सुरेलिया, आशीष केडिया, राजकुमार सिंह निर्वाण, सुंदरलाल सेडूका, रामोतार छावड़ी, निर्मला सिहाग, दानाराम कुमावत, विजय सिंह निर्वाण और जितेंद्र कुमावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।