मामूली बारिश के बाद सुभाष चौक क्षेत्र बना दरिया

घरों में घुसा पानी

चूरू,(पीयूष शर्मा)30 मई। शहर में शुक्रवार देर शाम हुई मध्यम बारिश ने नगर परिषद के नियमित सफाई के दावों व डे्रनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी।

सुभाष चौक के पास ड्रेनेज सिस्टम का नाला ब्लॉक होने से बरसाती पानी घरों में घुसने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरे दिन शनिवार सुबह तक नालों की सफाई नहीं किए जाने से गंदा-बरसाती पानी सड़क पर एकत्रित रहा। ऐसे में आमजन को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। मोहल्ले के रवि सहित अन्य लोगों के मुताबिक यहां बनाया गया डे्रनेज सिस्टम का नाला सीधा व चैंबर साइड में होने के कारण पानी निकासी बाधित हो रही है। मगर जिम्मेदारों की गैर जिम्मेदारी का खमियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।

सड़क निर्माण के बाद बढ़ी है परेशान
वहीं मोहल्ले के अनेक लोगों का कहना है कि पहले बारिश के बाद गली में पानी एकत्रित नहीं होता था। मगर भाजपा राज में सुभाष चौक क्षेत्र में सड़क निर्माण के समय लेवल का ध्यान नहीं रखे जाने से यहां पानी एकत्रित होने लगा है। सड़क निर्माण के समय आमजन की ओर से शिकायतें किए जाने के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

तो मानसून के दौरान क्या होगा…
मोहल्ले के लोगों ने नगर परिषद के प्रति आक्रोश जताते हुए कहा कि मानसून के आगमन से पहले हुई मध्यम बारिश में शहर के ये हाल हैं तो मानसून की मूसलाधार बारिश के दौरान क्या होगा। शहर में जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी सडक़ों और सीवरेज-ड्रेनेज के ऊंचे-नीचे चैंबरों से हर समय हादसे का खतरा रहेगा।

जारी हो चुका नालों की सफाई के लिए वर्क ऑर्डर
इस संबंध में नगर परिषद सभापति पायल सैनी का कहना है कि मानसून से पहले नाले-नालियों की सफाई के लिए टैंडर जारी कर वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। शनिवार से काम भी शुरू किया जा चुका है। सभी क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को भेजकर पानी निकासी की समस्या की जानकारी लेकर मॉनेटरिंग की जा रही है। प्रयास रहेगा कि किसी भी क्षेत्र में पानी निकासी बाधित होने से आमजन को परेशान नहीं होने दिया जाए।

You might also like