मनरेगा में प्रत्येक ग्राम पंचायत में तीन सडक़ो के प्रस्ताव हो स्वीकृत-जौनापुरिया
टोंक,(दिनेश शर्मा)27 मई। भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने संसदीय क्षेत्र टोंक के जिला मुख्यालय स्थित सांसद कार्यालय में पंचायत समिति क्षेत्र टोंक के सरपंचगणों और जिला परिषद् टोंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व अन्य अधिकारिगणों के साथ कोविड-19 और विकास कार्यो को लेकर बैठक की।
सांसद जौनापुरिया ने प्रत्येक सरपंच को आगामी 5 दिवस में केटेगरी फॉर के तहत अपना खेत, अपना काम योजनान्तर्गत लगभग 100 आवासों के प्रस्ताव और महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत को लगभग 2 से 3 सडकों के प्रस्ताव जिला परिषद् कार्यालय, टोंक प्रस्तुत करने को कहा और जिला परिषद् के सक्षम अधिकारी को उक्त प्रस्तावों को नियमानुसार स्वीकृत करने हेतु निर्देशित किया। प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत आवंटित व स्वीकृत आवासों के निरंतर निर्माण के लिए सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी को परस्पर सामंजस्य बनाकर कार्य करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त बैठक में बिजली, पानी, सडक़, खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत वितरित किये जाने वाले राशन आदि विकास कार्यो पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद जौनापुरिया ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा घोषित 20 लाख करोड रुपये के आर्थिक पैकेज में से लगभग 40 हजार करोड रुपये का प्रावधान मनरेगा योजनान्तर्गत विकास कार्यो को करवाने हेतु किया गया है। कोविड-19 को लेकर प्रशासन द्वारा किये जा रहें कार्यो की भी समीक्षा की गई।
सांसद जौनापुरिया ने पंचायत समिति क्षेत्र निवाई के सरपंचगणों और अधिकारिगणों के साथ ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण, विकास कार्यो पर चर्चा और काविड 19 के संबंध में दोपहर को पंचायत समिति कार्यालय निवाई के सभागार में बैठक की। यहॉ पर भी प्रधानमंत्री आवास योजना, अपना खेत, अपना काम योजना, मनरेगा योजनान्तर्गत अधिक से अधिक विकास कार्यो के प्रस्ताव ग्राम पंचायतो द्वारा जिला परिषद् टोंक कार्यालय प्रस्तुत करने को कहा और परिषद् को स्वीकृत करने को निर्देषित किया गया। सांसद मद और मनरेगा योजनान्तर्गत सडकों के प्रस्तावों को स्वीकृत करने को भी कहा गया। ग्राम ललवाडी के सरपंच ने खराब ट्रांस्फार्मर को बदलवाने की सांसद जौनापुरिया से मांग की, जिसे उपस्थित विद्युत विभाग के अधिकारी को 24 घण्टे में बदलने को निर्देशित किया गया।
अंत में सांसद जौनापुरिया ने कहा कि सभी विभाग आपस में सामंजस्य बना कर, प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम छोर पर बैठे, व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करें। दोनों बैठकों में सांसद जौनापुरिया के साथ उपखण्ड अधिकारी, ब्लॉक विकास अधिकारी, नगर पालिका/ नगर परिषद के अधिकारी, पीडब्ल्यूडी, जयपुर विद्युत वितरण निगम लि., जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, रसद विभाग के अधिकारी, संबंधित सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचगण उपस्थित थें।
दोनों बैठको से पहले सुखबीर सिंह जौनापुरिया सांसद टोंक – सवाई माधोपुर ने 27 मई, 2020 को सुबह के समय भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराणा, जिला महामंत्री नरेष बंसल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पार्षद विष्णु शर्मा, प्रभु बाडोलिया, हंसराज धाकड़ और अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जिला मुख्यालय टोंक के सआदत चिकित्सालय में स्थित ब्लड बैंक मे चल रही खून की कमी को दूर करने के लिए रक्तदान किया। रक्तदान करने के पश्चात् सांसद जौनापुरिया ने कहा रक्तदान महादान है।
