पूर्व विधायक मंडेलिया के स्वास्थ्य में सुधार, दो और संक्रमित मिले

दुबारा होगी कोरोना जांच

चूरू,(पीयूष शर्मा)31 मई। गत 27 मई को मुंबई से लौटने के बाद होम क्वारेंटाइन रहे पूर्व विधायक व पीसीसी उपाध्यक्ष हाजी मकबूल मंडेलिया व उनकी पत्नी सहित सात जनों के स्वास्थ्य में सुधार है।

उधर रविवार को पं. दीनदयाल मेडिकल कॉलेज चूरू की ओर से जारी जांच रिपोर्ट के मुताबिक जिले के गांव सात्यूं व बीदासर के एक-एक युवक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि तारानगर के सात्यूं गांव का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। गत 28 मई को दिल्ली से लौटने पर उसे होम क्वारेंटाइन किया गया था। इसी प्रकार मुंबई से लोटा बीदासर का एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मुंबई से आई ट्रेन में आया ये युवक संस्थागत क्वारेंटाइन में है। ऐसे में इनसे संक्रमण बढ़ने का खतरा नहीं है।

एक जून को दुबारा होगी सैंपलिंग
पहली जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शहर के जैन दादा बाड़ी में क्वारेंटाइन सेंटर में उपचार ले रहे हाजी मकबूल मंडेलिया व उनकी पत्नी सहित सातों जनों की सोमवार को दुबारा कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे।

जिले में अब तक 106 संक्रमित, 61 हो चुके स्वस्थ
गौरतलब है कि चूरू जिले में अब तक कुल 106 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। जिनमें से 61 व्यक्ति स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। एक जने की मृत्यु हो चुकी है। अब तक मिले 106 संक्रमितों में से 87 जने जिले से अन्य क्षेत्रों से लौटे प्रवासी हैं।

You might also like