71 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक पूजन, 400 श्रद्धालुओं ने लिया भाग
निसं
नोखा (नवयत्न)। लाहोटी चौक स्थित अयोध्या धाम में चातुर्मास सत्संग समिति की ओर से आयोजित चातुर्मास कार्यक्रम के तहत सोमवार को भगवान श्रीशंकर की सामूहिक पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। नाग पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में 71 पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत पूजन किया गया। पूजा-अर्चना में करीब 400 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूजन कार्यक्रम परम पूज्य दंडी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। बताया गया कि कार्यक्रम में 71 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन किया। चातुर्मास सत्संग समिति के अनुसार अयोध्या धाम में चातुर्मास कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन प्रात: 5 बजे प्रार्थना तथा सुबह 8 से 10 बजे तक धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। दोपहर बाद से ही कथा स्थल पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है। रामनाम के जयघोष और भक्ति संगीत से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहता है। सामूहिक पूजन में रामजी झंवर, प्रहलाद राय मोहता, राजू बाहेती, गिरधारी लाल पारीक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण नजर आया। वही दूसरी ओर तहसील परिसर स्थित अर्केश्वर महादेव मंदिर में हर वर्ष की भाँति श्रावणी पूजा से भगवान भोलेनाथ शंकर को प्रसन्न किया जा रहा है। मंदिर व्यवस्थापक लाल चन्द उपाध्याय के सानिध्य एवं दो विद्वान पंडितों बलराम कठातला व मधुसूदन कठातला द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से अर्केश्वर महादेव परिवार के दिनेशसिंह राजपुरोहित की अगुवाई में 20 वें दिन श्रावण मास के तृतीय सोमवार को भगवान महादेव को पंचामृत से अभिषेक व केला फल से सहस्त्रार्चन किया गया। सोमवार को श्रावणी विशेष पूजा के लिए जन सैलाब उमड़ा रहा। अलग-अलग पारियों में प्रात: से देर रात्रि तक पूजा का क्रम जारी रहा। अर्केश्वर महादेव परिवार की ओर से सोमवार को दिन के 10 बजे से सांय 4 बजे तक करीब 6 घंटे चली पूजा में भगवान महादेव को विभिन्न द्रव्यों पंचामृत, गन्नारस, गंगाजल, इत्रजल, चंदनजल, विजमाजल व विभिन्न प्रकार सामग्रियों और विभिन्न प्रकार के पुष्पों, बील पत्र, दुर्वा, समीपत्र, गुलाल, अबीर, विजया, धतुरा और विभिन्न प्रकार का मिष्ठान प्रसाद, नारियल आदि भोलेनाथ को अर्पण कर विशेष श्रृंगार व मनमोहक पुष्प और माला से सजावट, इत्र की महक और भाव भक्ति से सरोबार शिवभक्त मंत्र मुग्ध हो रहे हैं। ?सोमवार की सांय 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक मंदिर परिसर में अर्केश्वर महादेव टीम के शिव भक्त एवं गायक कलाकार राजेश म्यूजिकल ग्रुप के ओम राठी द्वारा आयोजित भजन संध्या एवं विशेष श्रृंगार झांकी से और भगवान भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुती से दर्शक श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।