भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन, राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत पर साधा निशाना
निसं
बीदासर (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत सांडवा में रविवार देर शाम भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन, विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं नवगठित ग्राम पंचायतों की ओर से अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। राठौड़ ने क्षेत्र में करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी भजनलाल सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार एवं नौकरी देने का काम करती है, तब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पेट में दर्द शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के विभिन्न घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने शासनकाल की परिस्थितियों को भी याद करना चाहिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला पूर्ववर्ती सरकार के समय न्यायालय के आदेशों से जुड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत वर्तमान सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि उन्हें अपने कार्यकाल में सामने आई परिस्थितियों को भी जनता के सामने रखना चाहिए।
पायलट और चांदना के विरोध का किया उल्लेख
राठौड़ ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान पार्टी के भीतर हुए विरोध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस के अंदर से ही विरोध के स्वर उठते रहे। उन्होंने सचिन पायलट द्वारा अजमेर में राजस्थान लोक सेवा आयोग तक पैदल मार्च किए जाने तथा तत्कालीन मंत्री अशोक चांदना द्वारा बूंदी में तीन दिन तक धरने पर बैठने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों को लेकर सवाल उठे थे। राठौड़ ने हेमाराम चौधरी सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए तत्कालीन सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
अपने कार्यकाल की घटनाओं को भी याद रखें गहलोत
राठौड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज अपने कार्यकाल के दौरान सामने आए घटनाक्रमों को भूलकर भजनलाल सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना करने से पहले गहलोत को अपने कार्यकाल में हुए विरोध प्रदर्शनों एवं राजनीतिक घटनाक्रमों को भी याद रखना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पेयजल, चिकित्सा और सड़क की समस्याएं उठाई
कार्यक्रम के दौरान पूर्व पंचायत समिति सदस्य रतन सिंह राठौड़ ने सांडवा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को पूर्व नेता प्रतिपक्ष के सामने रखा। उन्होंने आपणी योजना के तहत पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने, सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों एवं आवश्यक संसाधनों की कमी तथा लुहारा होते हुए सुजानगढ़ जाने वाली सड़क के नवनिर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इस पर राजेंद्र राठौड़ ने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया।
कई विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान सांडवा क्षेत्र में करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें नोखा रोड से उड़वाला रोड तथा मुख्य बाजार से जाट छात्रावास तक अटल प्रगति पथ, पेयजल समस्या के समाधान के लिए पांच सरकारी ट्यूबवेल, पीएमश्री स्कूल में टिनशेड एवं मंच तथा केशोलाई स्कूल में बरामदे सहित दो कमरे एवं टिनशेड शामिल हैं। इसके अलावा सांडवा में जल निकासी के लिए तीन जलग्रहण कार्य, ढाणी भोमपुरा मुक्तिधाम में टिनशेड, मुख्य बाजार में गढ़ के सामने चौक, ढाणी भोमपुरा में उप स्वास्थ्य केंद्र तथा जल निकासी के लिए दो चैंबर सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।सड़क, नाली और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य भी शामिल
क्षेत्र में रेगर बस्ती में नाली निर्माण, विभिन्न गलियों में सड़क निर्माण, जलदाय विभाग की नई पाइपलाइन, भोमपुरा में जल हौद, सांडवा से कामड़िया तक डामर सड़क तथा कच्चे रास्तों पर ग्रेवल सड़क निर्माण के कार्य भी करवाए गए हैं। विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए नई विद्युत लाइन एवं ट्रांसफार्मर से जुड़े कार्य भी किए गए। कार्यक्रम में पीएम आवास योजना के तहत 435 आवास, मेला ग्राउंड में नए बाजारों का निर्माण, सिद्ध समाज की बाड़ा में चौकी सहित टिनशेड, विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए आठ नए ट्रांसफार्मर तथा धनेरू रोही स्थित मेघवालों की ढाणियों में ट्यूबवेल सहित अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।
जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
सम्मेलन में विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सुथार एवं अनुसूचित बोर्ड अध्यक्ष राजेंद्र नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल, निवर्तमान प्रधान बीदासर संतोष मेघवाल, विक्रम सिंह राठौड़ एवं रतन सिंह राठौड़ सहित अन्य वक्ताओं ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर लालचंद सोनी, शिवशंकर पारीक, गोविंद नाई, ब्रह्मदेव पारीक, ओमप्रकाश गोदारा, लालचंद गोदारा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नवसृजित ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।