विजयादशमी की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। निकटवर्ती कस्बा अजीतगढ़ के प्राचीन गणेश मंदिर कचहरी में क्षेत्रीय विकास परिषद की बैठक विजयादशमी महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर संरक्षक पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित जगदीश प्रसाद पारीक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले महोत्सव की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं हो इसके लिए गहन चर्चा करके तय किया गया कि जिन भी टीम, कार्यकर्ताओं को ही जो जिम्मेदारी दी है, उसका सजगता से पालन करेंगे तथा सदस्यों को परिषद पहचान कार्ड जारी करेगी। परिषद अध्यक्ष विजय पारीक ने बताया कि बैठक में तय किया गया है कि परिषद के रजिस्टर्ड सभी सदस्यों को पहचान पत्र जारी किया जाए, महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के लिए ड्रेस कोड की व्यवस्था रखी जाए, साथ ही सभी सदस्यों के लिए एक समान पगड़ी की व्यवस्था की जाए, महोत्सव के लिए स्टेज की लंबाई बढ़ाई जाए, महोत्सव में आतिशबाजी में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आसमान में ऊपर जाने वाले पटाखे ही प्रयोग में लाए जाए, विद्यालयों के द्वारा जो झांकी सजाई जाए वह तय समय पर शामिल हो इस बात के लिए विद्यालय प्रबंधन को पाबंद किया जाए अगर झांकी सही समय पर नहीं पहुंचे तो उनके अंक काटे जाएं, खेल मैदान में नो पार्किंग जोन रहेगा और खेल मैदान के जो रास्ते हैं वह वाहनों के लिए बंद रहेंगे। पार्किंग के लिए भीड़भाड़ से दूर मुख्य सड़क पर विचार किया जाए, साथ ही होमगार्ड यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त जाब्ते पर भी चर्चा की गई। महोत्सव में आतिशबाजी वाले स्थान पर केवल पहचान पत्र के साथ विकास परिषद के कार्यकर्ताओं जिनको जिम्मेदारी दी है है को ही जाने की अनुमति हो, इसके अतिरिक्त कोई भी अन्य व्यक्ति, सदस्य अंदर प्रवेश नहीं करें। सभी सदस्य अपना निर्धारित अंशदान समय पर जमा करवाए। अध्यक्ष पारीक ने बताया कि परिषद और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले महोत्सव में 55 फिट रावण पुतला दहन, भव्य आतिशबाजी, शिक्षण संस्थाओं द्वारा धार्मिक, सांस्कृतिक झांकियां, अलवर की सजीव झांकियों का नगर भ्रमण, झांकियों के प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहने वालों को सम्मानित करने, शेष को सांत्वना पुरस्कार समेत मेला मुख्य आकर्षण के केंद्र रहेगा। बैठक में पालिका चेयरमैन एवं परिषद सदस्य ओमप्रकाश कुमावत, मोहम्मद शरीफ गौरी, जगदीश कारीगर, रोहिताश यादव, बसंती लाल शर्मा, कमलेश कुमावत, मोहनलाल बुनकर, शंकर लाल अग्रवाल, श्याम सुंदर सैनी, गोपाल मीणा, पंकज टेलर, अरविंद शर्मा, मुरारी शर्मा समेत अनेक सदस्य, गणमान्य लोग मौजूद थे।

You might also like