स्वच्छता साइबर जागरूकता का दिया संदेश

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय, नोखा में सत्र 2026-27 के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम एक दिवसीय शिविर तथा साइबर जागरूकता विषय पर विशेष व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. रणवीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में संपन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ प्रात: 08:00 बजे हुआ। कार्यक्रम को तीन प्रमुख चरणों-परिसर स्वच्छता एवं श्रमदान, माय भारत पोर्टल उन्मुखीकरण, तथा साइबर सुरक्षा विशेष व्याख्यान में संपादित किया गया। शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों ने प्राचार्य एवं संकाय सदस्यों के साथ मिलकर श्रमदान किया। स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के बगीचे (गार्डन) एवं परिसर की व्यापक साफ -सफाई की, खरपतवार हटाई तथा पेड़-पौधों को पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को केंद्र सरकार के माय भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण, उसके लाभों और युवा विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं अधिकाधिक पंजीकरण हेतु प्रेरित किया गया। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता विशाल कुमार सगतानी ने साइबर जागरूकता विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, और डिजिटल अरेस्ट जैसे समकालीन साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन एनएसएस इकाई प्रथम के प्रभारी प्रेमाराम एवं एनएसएस इकाई द्वितीय के प्रभारी जेठाराम पारीक द्वारा किया गया। श्रमदान एवं व्याख्यान सत्र में महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. रामकिशन चौधरी, सहीराम बिश्नोई, डॉ. आमिर सोहैल तथा श्वेता पुरोहित ने सक्रिय रूप से भाग लेकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। अंत में दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों की उपस्थिति दर्ज की गई और राष्ट्रगान के साथ एक दिवसीय शिविर का समापन हुआ।

You might also like