बीदासर निकाय चुनाव : अंतिम दिन 158 नामांकन दाखिल, तीन दिन में 197 पर्चे भरे

निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगर पालिका के आगामी निकाय चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम अमीलाल यादव ने बताया कि सोमवार को कुल 158 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इससे पहले दो दिनों में 39 नामांकन दाखिल हुए थे। इस प्रकार नामांकन प्रक्रिया के तीन दिनों में कुल 197 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे। कई प्रत्याशियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। अंतिम दिन बड़ी संख्या में नामांकन होने से चुनावी गतिविधियां भी तेज हो गई।
भाजपा ने 29 और कांग्रेस ने 30 प्रत्याशियों की सूची सौंपी
नामांकन के अंतिम दिन भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश सोनी ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से 29 प्रत्याशियों की सूची रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम अमीलाल यादव को सौंपी। वहीं कांग्रेस नगर अध्यक्ष जेठाराम यादव ने कांग्रेस की ओर से 30 प्रत्याशियों की सूची प्रस्तुत की। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की सूची सौंपे जाने के बाद अब वार्डवार चुनावी स्थिति काफी हद तक सामने आ गई है। हालांकि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद अंतिम रूप से मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होगी।
कई वार्डों में भाजपा-कांग्रेस दोनों के प्रत्याशी नहीं
नामांकन प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई कि नगर पालिका के कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दल प्रत्याशी नहीं उतार पाए हैं। वार्ड नंबर 4, 5, 6, 13 और 19 में कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं है। वहीं वार्ड नंबर 22, 23, 25, 26, 31 और 32 में भाजपा प्रत्याशी मैदान में नहीं है। इन वार्डों में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में से किसी एक का प्रत्याशी नहीं होने के कारण स्थानीय स्तर पर चुनावी मुकाबले के समीकरण अलग नजर आ रहे हैं। ऐसे में इन वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों और अन्य उम्मीदवारों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
चार वार्डों में सबसे ज्यादा 10-10 नामांकन
नामांकन के दौरान वार्ड नंबर 1, 2, 25 और 33 में सबसे अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इन चारों वार्डों में 10-10 नामांकन हुए हैं। प्रत्याशियों की अधिक संख्या के चलते इन वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय होने के आसार बन गए हैं। विशेष रूप से वार्ड 25 में भाजपा प्रत्याशी नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में नामांकन होना चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां अलग-अलग प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रोचक होने की संभावना है।
निर्दलीयों की संख्या ने बढ़ाई राजनीतिक दलों की चिंता
नामांकन प्रक्रिया में निर्दलीय प्रत्याशियों की बड़ी संख्या भी सामने आई है। कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने चुनौती बढ़ गई है। कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी सीधे मुकाबले को त्रिकोणीय बना सकते हैं, जबकि अधिक उम्मीदवार होने वाले वार्डों में बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बन रही है। स्थानीय स्तर पर निर्दलीय प्रत्याशियों की मजबूत मौजूदगी से प्रमुख राजनीतिक दलों के परंपरागत वोटों में बंटवारे की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक स्थिति नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी।
वार्ड 27 में सिंबल मिलने के बावजूद सुमित्रा देवी ने नहीं भरा पर्चा
वार्ड नंबर 27 में भाजपा की ओर से सिंबल मिलने के बाद भी सुमित्रा देवी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इससे पार्टी के स्थानीय चुनावी समीकरणों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। अब यह वार्ड भी नामांकन जांच और नाम वापसी के बाद चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब नामांकन जांच और नाम वापसी पर नजर
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रशासन की ओर से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। इसी के साथ प्रत्येक वार्ड में वास्तविक मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल नामांकन के आंकड़ों और प्रत्याशियों की मौजूदगी को देखते हुए बीदासर नगर पालिका के कई वार्डों में मुकाबला रोचक नजर आ रहा है। कहीं भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी समीकरण बदलते नजर आ सकते हैं। नामांकन जांच और नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

You might also like