नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियां हुई तेज
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा नगर पालिका चुनाव को लेकर उपखंड मुख्यालय पर चुनावी सरगर्मियां पूरी तरह तेज हो गई है। नोखा के 45 वार्डों में चुनाव होना है जिसमें मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और विकास मंच में रहने के कयास लगाए जा रहे हैं। पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर की विकास मंच नाम से बनाई पार्टी के दो प्रत्याशियों का चयन बुधवार रात्रि वार्ड के लोगों की मौजूदगी में उनकी राय के अनुसार किया गया। वार्ड नम्बर 9 से सुखराम भादू और वार्ड 43 से शर्मिला चांडक को बनाया गया है। यह वार्ड भाजपा नेता आसकरण भट्टड़ का वार्ड है जो निवर्तमान पालिका में नेता प्रतिपक्ष भी थे आसकरण भट्टड़ की पत्नी के भाजपा से चुनावी मैदान में उतरने की संभावना बनी हुई है। नगर पालिका चुनाव को लेकर लगभग सभी वार्डों में 5 से 6 नाम अभी तक सामने आ रहे हैं जिसमें मुख्य नाम भारतीय जनता पार्टी, विकास मंच के साथ-साथ कांग्रेस ओर अन्य पार्टियों के साथ निर्दलीय के हैं। नोखा के कुछ वार्डों में त्रिकोणीय संघर्ष होने के अभी से आसार बनते हुए दिखाई दे रहे है तो कई जगह निर्दलीय जीत हार का गणित तय करेंगे। भारतीय जनता पार्टी की कमान पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई के हाथ में है वही विकास मंच के सुप्रीमो कन्हैयालाल झंवर और पूर्व पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर के हाथों में है। कांग्रेस अपने उम्मीदवार विधायक सुशीला डूडी की राय को प्राथमिकता देते हुए उतारने का विचार कर रही है। निकाय चुनाव की बिसात चारों ओर बिछ चुकी है। लोग सोशल मीडिया पर एआई से फोटो बनाकर अपना अपना प्रचार तक शुरू कर चुके हैं। नगरीय निकाय चुनाव के इस दौर में रूठे हुओ को मनाने का दौर जारी है, पुराने गिले शिकवे भुलाये जा रहे हैं ताकि सभी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ सकें। कुछ वार्ड अभी से हॉट सीट बनते हुए दिखाई दे रहे जिन पर लोग पर्चा भरने से पूर्व ही जीत हार का जोड़तोड़ कर अपने अपने चहेते प्रत्याशी को जीतता बता रहे। नोखा नगर पालिका का अध्यक्ष इस बार ओबीसी वर्ग का होगा जिसके कारण भारतीय जनता पार्टी, विकास मंच, कांग्रेस, आरएलपी और आम आदमी पार्टी द्वारा चुनावी मैदान में उम्मीदवार उतारे जाने की चर्चाएं चल रही है। इस बार जीतने वाले लोगों पर सबकी पैनी निगाह बनी हुई है।