नगर पालिका की लापरवाही ने उजाड़ी किसान की फसल, गंदे नाले ने बर्बाद की पूरी फसल
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । शहर के वार्ड 16 में नगर पालिका की घोर लापरवाही ने एक किसान की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया। हाल ही में बनाए गए गंदे पानी के नाले की गलत और लापरवाह निर्माण व्यवस्था के कारण एक किसान की पूरी सब्जी फसल बर्बाद हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार की रात करीब 12 बजे हुई बारिश के दौरान नाले का गंदा पानी और बरसाती पानी सीधे राजगुरु कृषि फार्म के खेत में घुस गया, जिससे देखते ही देखते पूरा खेत पानी से भर गया और खड़ी फसल पूरी तरह तबाह हो गई। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि यह नाला महज एक महीने पहले ही बनाया गया था, लेकिन शुरुआत से ही इसकी दिशा 1और स्तर (लेवल) गलत था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका ने बिना उचित तकनीकी जांच के यह निर्माण कार्य किया, जिसका खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है। पीड़ित घनश्याम पारीक ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अनदेखी की। अगर समय रहते कार्रवाई की जाती तो आज यह नुकसान नहीं होता। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तुरंत उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए और दोषी व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए साथ ही गलत नाले को तुरंत ठीक किया जाए तथा फसल का मुआवजा दिया जाए।