नगर निगम के पूर्व उपमहापौर ने की विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या प्रकरण की सीबीआई से जांच की मांग
बीकानेर,( देवेंद्र स्वामी) 29 मई। चुरू जिले के राजगढ़ पुलिस थाना में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक विष्णुदत्त विश्नोई द्वारा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में आत्महत्या प्रकरण की बीकानेर नगर निगम के पूर्व उपमहापौर अशोक आचार्य ने सीबीआई से निष्पक्ष जांच की मांग की है। आचार्य ने बताया कि विष्णुदत्त विश्नोई जैसे होनहार, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के आत्महत्या कर लिये जाने से मैं स्तब्ध हूं। उन्होने कहा कि विष्णुदत्त विश्नोई जैसे जांबाज, ड्यूटी के लिये समर्पित व ईमानदार अधिकारी के इस प्रकार आत्महत्या करने से राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। आचार्य ने बताया कि समाज के विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकरण की जांच सीबीआई से करवाने कि आग्रह किया जा रहा है जो कि इस विषय की गंभीरता को देखते हुये उचित भी है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिये प्रभावी कदम उठाये जा सकें। आचार्य ने मांग की है कि इस प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच करवायी जाय।