न्यांगली ने किया शहरी व ग्रामीण क्षेत्र का दौरा
पेयजल व्यवस्था को लेकर किया
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)22 मई। निवर्तमान विधायक मनोज न्यांगली शुक्रवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बिगड़ती पेयजल व्यवस्था को लेकर ना सिर्फ जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ता की बल्कि चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग जनता के धैर्य की परीक्षा ना ले। न्यांगली दोपहर एक बजे लगभग तेज गर्मी व लू के बीच जलदाय विभाग पहुंचे तथा कार्यालय में कोई अधिकारी नहीं मिला। सूचना के बाद कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार बैरवा मौके पर पहुंचे तथा बताया कि वह साइड पर गए हुए थे। न्यांगली ने अधिकारियों से कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में गर्मी का दौर शुरू होने के साथ ही पेयजल व्यवस्था बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि गर्मी से पूर्व अधिकारियों ने कोई कार्य योजना भी तैयार नहीं की तथा लापरवाही के चलते लोग पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान होने लगे हैं। न्यांगली ने कहा कि विभाग तथा सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उदासीनता बरत रहे हैं तथा कोरोना संकट काल के दौरान लॉक डाउन के बीच जनता पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव सहन नहीं कर पा रही है। न्यांगली ने अधिकारियों से कहा कि समय रहते कार्रवाई करें, अन्यथा सडक़ों पर उतरना पड़ सकता है। न्यांगली ने वर्तमान जन प्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। वर्तमान जन प्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते गत डेढ़ वर्ष से अधिकारियों के पद खाली पड़े हैं। ऐसी स्थिति में आमजन की शिकायतों का निराकरण नहीं हो रहा है।