5 हजार का इनामी बदमाश नवरतन बैरवा गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न) । पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी वांछित बदमाश नवरतन बैरवा (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से पुलिस को चकमा देकर लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और सूचना तंत्र की मदद से उसे पकड़ लिया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि राजस्थान पुलिस महानिदेशक और जयपुर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में सक्रिय, वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित कुमार शर्मा के निर्देशन और एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन में पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी उदय सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी संसाधनों और आसूचना तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने नवरतन बैरवा (30) पुत्र मांगी लाल बैरवा, निवासी बैरवों की ढाणी, बौराज, थाना मोखमपुरा, जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात के बाद से फरार होने के कारण डीसीपी जयपुर दक्षिण की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी को पकड़ने में कांस्टेबल उमेश और रामस्वरूप की विशेष भूमिका रही। टीम में थानाधिकारी उदय सिंह यादव के साथ कांस्टेबल मुकेश और दिनेश कुमार भी शामिल रहे।