तहसील कार्यालय में नवनियुक्त तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने संभाला पदभार
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर तहसील में तहसीलदार हरदीप सिंह के स्थानांतरण के बाद मंगलवार को नवनियुक्त तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने पर तहसील कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।पदभार संभालने के बाद तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शिविरों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक परिवेदना का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों, नामांतरण, सीमांकन, भूमि रिकॉर्ड, जाति, मूल निवास एवं आय प्रमाण-पत्र सहित अन्य राजस्व कार्यों का नियमानुसार और शीघ्र निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर तहसील के नरेंद्र सिंह मोहन सिंह , विक्रम चौहान , एडवोकेट रोहित मारू सहित तहसील के अन्य कार्मिक मौजूद
रहे।