भाजपा नेताओं के साथ अधिशासी अधिकारी का एक्शन मोड, 25 जुलाई तक काम पूरा नहीं तो ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे में लंबे समय से लंबित पड़े विकास कार्यों को लेकर अब नगर पालिका प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर ज्ञापन सौंपे जाने के अगले ही दिन अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा ने भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का मौके पर निरीक्षण किया और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को सख्त चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी सबसे पहले वार्ड संख्या 7 स्थित भूतनाथ मार्ग पहुंचे, जहां नाला नाली निर्माण कार्य लंबे समय से शुरू नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके बाद आदर्श विद्या मंदिर के पास निर्माणाधीन चैंबर एवं जल निकासी कार्य का निरीक्षण किया। भाजपा नेताओं ने बताया कि इस कार्य का टेंडर जारी होने के बावजूद ठेकेदार की लापरवाही से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि यह रेलवे अंडरब्रिज से जुड़ा कस्बे का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और विद्यालय के छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। मौके पर अधिशासी अधिकारी ने संबंधित ठेकेदार को बुलाकर स्पष्ट शब्दों में कहा कि 25 जुलाई तक कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान वार्ड निवासी बेगाराम जाट ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि करीब 16 लाख रुपये के कार्य में बड़े स्तर पर अनियमितता की आशंका है। उन्होंने मांग की कि कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 25 जुलाई तक कार्य पूरा नहीं हुआ तो वार्डवासी सड़क जाम कर आंदोलन करेंगे। इसके बाद अधिशासी अधिकारी ने रेलवे अंडरब्रिज के नीचे जलभराव की समस्या का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को शीघ्र स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। भाजपा नेताओं ने इस दौरान कस्बे की अन्य विकास एवं जनसमस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जहां-जहां विकास कार्य लंबित हैं, वहां लगातार मौका निरीक्षण किया जा रहा है। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे करवाए जाएंगे तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विष्णु प्रजापत, व भाजपा जिला प्रवक्ता पवन बोथरा, नेता प्रतिपक्ष दीनदयाल स्वामी, नगर मंडल महामंत्री शीतल खडोलिया , पवन मारू , सांवरमल सुथार , दिनेश मारू, रामलाल मारू ,सीताराम मेघवाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like