कोई भूखा न सोए’ अभियान: 25 जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया भोजन

हर्ष सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘कोई भूखा न सोए’ अभियान के तहत रविवार को 25 जरूरतमंद परिवारों तक भोजन पहुंचाया गया। ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने स्वयं भोजन तैयार कर जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किया। झुंझुनूं प्रभारी मनोज कुमार गनोलिया ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से पिछले पांच वर्षों से लगातार यह अभियान संचालित किया जा रहा है। रविवार को नेहरा पहाड़ के पास रहने वाले 15 जरूरतमंद परिवारों तथा बंधे के बालाजी मंदिर के पीछे रहने वाले 10 परिवारों को भोजन कराया गया। कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सब्जी, पूरी और हलवा तैयार किया और इसके बाद भोजन जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया। इस दौरान परिवारों के साथ आत्मीयता से संवाद भी किया गया। मनोज कुमार गनोलिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान में ट्रस्ट कार्यकर्ता सुरेश सीमार, नरोत्तम दुलगच, प्रदीप दुलगच, राजेंद्र सैनी, ग्यारसी कुमारी, वीना रानी ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

You might also like