23 भावी डॉक्टरों का सम्मान, कलेक्टर ने कहा – चिकित्सा सेवा का माध्यम बने

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)।  जिला मुख्यालय स्थित थ्री डोट्स चिल्ड्रन एकेडमी में मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में नीट यूजी 2026 के कट-ऑफ में चयनित 23 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सभी भावी डॉक्टरों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज के हर वर्ग की संवेदनशीलता के साथ सेवा करें और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत व लगन से आगे बढऩे के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी को सराहते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक संकेत बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहरकाजी शफीउल्लाह सिद्दीकी ने की। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और डॉक्टर बनकर दो परिवारों को संवारती हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है। विशिष्ट अतिथि के रूप में दरगाह हजरत कमरूद्दीन शाह के गद्दीनशीन एजाज नबी शाह उपस्थित रहे। समारोह को हाजी बरकत गहलोत और शफी नागौरी ने भी संबोधित करते हुए चयनित विद्यार्थियों को नि:स्वार्थ सेवा की भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। इससे पूर्व मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के अध्यक्ष इब्राहिम खान ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि डॉ. अरुण गर्ग का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व सभापति खालिद हुसैन, मास्टर यूनुस भाटी, इकबाल जाजोदिया, हाजी तहसीन अली, हाजी तैयब अली, हाजी मोहम्मद अली, उमर कुरैशी, शाकिर खोखर, इम्तियाज तगाला, कर्मा खान, नईम सिद्दीकी, यूनुस रंगरेज, एडवोकेट जहीर फारूकी, इरशाद फारूकी, रुस्तम मिर्जा, आरिफ खान, आरिफ भारू, हाजी इकबाल राहड़, सुहेल खान, मकबूल चेजारा, डॉ. इरफान चौहान, सुल्तान खान, तनवीर खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मास्टर उमर फारूक ने किया तथा अंत में अध्यक्ष इब्राहिम खान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

You might also like