नोखा नगरपालिका चुनाव : 30 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन, 42 नामांकन पत्र प्राप्त
निसं
नोखा (नवयत्न)। नगरपालिका नोखा के आगामी निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों का विवरण सामने आया है। निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार अब तक 30 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि कुल 42 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। उपखण्ड अधिकारी ने बताया की 29 अगस्त 2026 को सबसे अधिक 28 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि 27 अगस्त को 2 उम्मीदवारों ने नामांकन प्रस्तुत किया था।
दलवार स्थिति
नामांकन सूची में सबसे अधिक कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया माक्र्सिस्ट के 13 उम्मीदवार शामिल हैं। इनके बाद भारतीय जनता पार्टी के 7, निर्दलीय 8 तथा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन पत्रों की संख्या के लिहाज से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया माक्र्सिस्ट के उम्मीदवारों ने 25 नामांकन पत्र, भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने 7, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 8 तथा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवारों ने 2 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इस प्रकार कुल 42 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
आरक्षण वर्ग के अनुसार भी तस्वीर स्पष्ट
प्राप्त विवरण में 17 सामान्य वर्ग, 8 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 5 अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। नामांकन सूची में कई वार्डों से एक से अधिक उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। विशेष रूप से वार्ड 10, 11, 27, 29, 33, 35, 36 और 37-38 में राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल किया है। इससे आगामी नगरपालिका चुनाव में कई वार्डों में मुकाबला रोचक होने के आसार हैं। निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी नाम निर्देशन पत्रों के विवरण से स्पष्ट है कि नोखा नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अब चुनावी मैदान में उम्मीदवारों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जा रही है।
जिला कलेक्टर निशांत जैन अचानक पहुंचे नोखा
इधर, निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज हैं। जिला कलेक्टर निशांत जैन अचानक नोखा पहुंचे और उन्होंने निकाय चुनाव की तैयारियों एवं नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने उपखंड कार्यालय एवं तहसील कार्यालय पहुंचकर चुनावी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिला कलेक्टर ने नामांकन प्रक्रिया को सुचारू बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्येक प्रत्याशी के सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं जानकारी व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क
प्रशासन की ओर से उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है। यहां प्रत्याशियों एवं उनके प्रस्तावकों को नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और चुनाव संबंधी अन्य जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। जिला कलेक्टर ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नामांकन प्रक्रिया जारी है। और नोखा निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से की गई सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं।
पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सीओ जरनैल सिंह तथा सब इंस्पेक्टर कुशलाराम पुलिस जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने नामांकन स्थल पर सुरक्षा एवं व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।