महिला महाविद्यालय में एनएसएस अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। राजकीय महिला महाविद्यालय, तारानगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम (सत्र 2026-27) का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। कार्यक्रम का आयोजन छात्राओं को वर्षभर की गतिविधियों से अवगत कराने एवं उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्राओं को एनएसएस डायरी का वितरण किया गया तथा उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पेन प्रदान किए गए। इसके साथ ही एनएसएस की पूर्व छात्राओं में से चयनित पाँच सक्रिय छात्राओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात् छात्राओं को एनएसएस की वर्षभर संचालित होने वाली गतिविधियों जैसे स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति जागरूकता, समाजसेवा एवं विशेष शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नशा मुक्ति विषय पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नाटक रहा, जिसने उपस्थित सभी को जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही एनएसएस की पूर्व स्वयंसेविका कंचन ने अपने दो वर्षों के अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को एनएसएस से जुड़कर व्यक्तित्व विकास एवं समाजसेवा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी डॉ अंकिता के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।