बीदासर निकाय चुनाव में दूसरे दिन 29 प्रत्याशियों ने भरे 33 पर्चे
निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगर पालिका के आगामी निकाय चुनाव को लेकर शनिवार को नामांकन के दूसरे दिन चुनावी सरगर्मियां तेज रहीं। विभिन्न वार्डों से चुनाव लडऩे के इच्छुक प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में उपखंड कार्यालय पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किए। दिनभर कार्यालय परिसर के आसपास राजनीतिक गतिविधियों का दौर चलता रहा। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अमीलाल यादव ने बताया कि दूसरे दिन कुल 29 उम्मीदवारों ने 33 नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें राजनीतिक दलों की ओर से 19 तथा निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से 14 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए।
भाजपा.कांग्रेस के 9-9 प्रत्याशी
दाखिल नामांकन में भाजपा और कांग्रेस के 9-9 प्रत्याशी शामिल हैं। भाजपा प्रत्याशियों ने वार्ड 4, 5, 6, 10, 19, 20 और 21 सहित विभिन्न वार्डों से नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से वार्ड 7, 8, 9, 25, 30, 33 और 35 से प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। वहीं वार्ड 25 से आरएलपी प्रत्याशी ने भी नामांकन दाखिल किया।
14 निर्दलीयों ने बढ़ाई चुनावी हलचल
निर्दलीय प्रत्याशियों ने वार्ड 2, 4, 5, 6, 8, 10, 19, 22, 23, 25, 32 और 33 से नामांकन दाखिल किए। बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।
पार्टी प्रत्याशियों के सामने अपनों की चुनौती
नामांकन के दौरान सबसे अधिक चर्चा उन वार्डों को लेकर रही, जहां पार्टी प्रत्याशियों के साथ उन्हीं दलों से जुड़े लोगों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी पर्चा दाखिल किया है। वार्ड 8 और 25 में कांग्रेस से जुड़े तथा वार्ड 10 और 19 में भाजपा से जुड़े लोगों के निर्दलीय नामांकन से संबंधित दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने चुनौती बढ़ गई है। अब नामांकन वापसी के बाद वास्तविक चुनावी तस्वीर स्पष्ट होगी। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची सामने आएगी। कस्बे। में दूसरे दिन के नामांकन ने नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है।