ग्रामीणों द्वारा आंदोलन की चेतावनी के बाद जागा प्रशासन, स्टेट हाईवे का गड्ढा किया दुरुस्त

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के पपुरना में ग्रामीणों के आंदोलन की चेतावनी के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया। खेतड़ी-नीमकाथाना स्टेट हाईवे पर सडक़ के बीच बने गहरे गड्ढे को पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से दुरुस्त करवा दिया गया। विभाग ने जेसीबी मशीन लगाकर गड्ढे को भरने के साथ सडक़ को आवागमन के लिए सुचारु किया। ग्रामीणों ने बताया कि स्टेट हाईवे पर सडक़ के बीच काफी समय से गड्ढा बना हुआ था। बारिश के बाद इसमें पानी जमा हो जाता था, जिससे वाहन चालकों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता था। विशेष रूप से रात के समय यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गड्ढे के कारण आए दिन दुपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे थे। वहीं बड़े वाहनों के आवागमन में भी परेशानी बनी हुई थी। ग्रामीणों ने सडक़ की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया था, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा था। ग्रामीणों ने सडक़ को ठीक करने के लिए शुक्रवार को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निरंजन लाल सैनी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही सडक़ के गड्ढे को ठीक नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों के विरोध और आंदोलन की चेतावनी के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन भेजकर सडक़ के बीच बने गड्ढे को ठीक करवाया। गड्ढा दुरुस्त होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने कहा कि सडक़ की मरम्मत से फिलहाल आवागमन में राहत मिली है, लेकिन स्टेट हाईवे की पूरी सडक़ का निरीक्षण करवाकर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें भी जल्द ठीक किया जाना चाहि, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।

You might also like