पानी की किल्लत को लेकर मंत्री को भेजा ज्ञापन
वार्डवासियों ने पालिकाध्यक्ष को बताई समस्या
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)25 मई। शहर के वार्ड 2 व 3 में पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। इस भीषण गर्मी के दौर में पानी की एक बाल्टी के लिए वार्डवासी तरस रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि पीने के पानी की समस्या के समाधान को लेकर वार्ड के लोग कई बार संबंधित अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
वार्ड 2 व 3 में पीने के पानी की किल्लत को लेकर वार्डवासी पालिकाध्यक्ष मधु शर्मा से मिले। पालिकाध्यक्ष शर्मा ने पीएचईडी मंत्री बीडी कल्ला को पत्र लिखकर इन वार्डो में पीने के पानी की समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है। उन्होंने पिलानी विधायक जेपी चंदेलिया, झुंझुनूं जिला जन अभाव अभियोग के अध्यक्ष (जिला कलेक्टर) एवं पीएचईडी के एसई को भी पत्र की प्रति भेजी है। पालिकाध्यक्ष शर्मा ने ट्वीटर के माध्यम से भी शहर में पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई है।