मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शन बेचने वाला गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शन बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 196 एविल इंजेक्शन बरामद किए हैं।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जहां पुलिस और ड्रग्स इंस्पेक्टर पूनम महेंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने ओम शिव नगर स्थित ‘नारायणी मेडिकल’ पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोर में रखे एक काउंटर की दराज में छिपाकर रखे गए 196 एविल इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से विनोद सैनी निवासी जयसिंहपुरा खोर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शनों की बिक्री कर रहा था।
पुलिस अब आरोपी से इन इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और इससे जुड़े नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशीले इंजेक्शन कहां से लाए गए और किन लोगों को सप्लाई किए जाते थे।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, कांस्टेबल ओमेश कुमार, गंगाधर, प्रदीप कुमार एवं रतनलाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।