20 लाख की लागत से पाइपलाइन कार्य शुरू

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी के आजाद मार्केट से मानोता जाने वाली सड़क पर बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गोठड़ा ग्राम पंचायत द्वारा बड़ा कदम उठाया गया है। आजाद मार्केट से मानोता नदी तक करीब एक किलोमीटर तक गोठड़ा ग्राम पंचायत द्वारा बीस लाख रूपए की लागत से पाइपलाइन का शुभारंभ रविवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजी. धर्मपाल गुर्जर थे जबकी अध्यक्षता गोठड़ा सरपंच सरती देवी ने की। विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने 2 पाइपलाइन डालने के कार्य का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।

विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि आजाद मार्केट से मानोता रोड पर बरसात का पानी जमा होने की शिकायत काफी समय से चल रही थी इस संबंध में गोठड़ा ग्राम पंचायत द्वारा बीस लाख रूपए की लागत से आजाद मार्केट से लेकर मानोता नदी तक करीब एक किलो मीटर लंबाई तक पाइपलाइन बिछाकर बारिश के पानी को नदी के नाले तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जलभराव जैसी समस्याएं केवल असुविधा ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य और व्यापार पर भी असर डालती हैं। इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी था। इससे आजाद मार्केट क्षेत्र में बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भरने की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन सुचारू रहेगा।

समाजसेवी हरीराम गुर्जर ने बताया कि आजाद मार्केट क्षेत्र में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। उन्होंने बताया कि इस समस्या को विधायक के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। गोठड़ा ग्राम पंचायत ने केसीसी मैनेजमेंट से एनओसी लेकर राशि स्वीकृत करवाकर कार्य प्रारंभ कर दिया। गौरतलब है कि बरसात के दौरान इस मार्ग पर पानी भर जाने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता था, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस मौके पर विरेंद्रसिंह ग्राम विकास अधिकारी, ठेकेदार संतलाल, छंगाराम, बुटीराम चौधरी, मूलचंद मेघवाल, शिवकुमार बुंदेला, धर्मवीर मेघवाल, मनीराम आदि ने विधायक का माला व साफा पहना कर सम्मान किया।

You might also like