प्लास्टिक मुक्त अभियान : कपड़े के थैले वितरित कर किया जागरूक

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी कस्बे में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दुकानदारों एवं महिलाओं को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। ट्रस्ट के सदस्यों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की। ट्रस्ट के तहसील प्रभारी मुकेश कुमार सैनी ने बताया कि प्लास्टिक की थैलियों का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण प्रदूषण का प्रमुख कारण बन रहा है। प्लास्टिक से निकलने वाला कचरा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा हो जाता है, जिससे गंदगी फैलती है। इसके कारण नालियां अवरुद्ध होने के साथ ही आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्लास्टिक का कचरा मिट्टी और जल को भी प्रदूषित करता है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव प्रकृति और जीव-जंतुओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बाजार में सामान खरीदने जाते समय घर से कपड़े का थैला लेकर निकलना चाहिए, ताकि प्लास्टिक की थैलियों की आवश्यकता न पड़े। कपड़े के थैले बार-बार इस्तेमाल किए जा सकते हैं और ये प्लास्टिक के विकल्प के रूप में उपयोगी हैं। अभियान के दौरान दुकानदारों एवं महिलाओं को समझाया गया कि वे स्वयं प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग करने से बचें तथा अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने दुकानदारों से ग्राहकों को कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। मुकेश कुमार सैनी ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। यदि सभी लोग छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं और स्वच्छता को प्राथमिकता दें, तो पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपने आसपास साफ.सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।

You might also like