अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दस शराब तस्करो को धरदबोचा
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न )। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष सर्च अभियान में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 अवैध शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान 528 अवैध देशी शराब के पव्वे जब्त किए गए। वहीं एक हिस्ट्रीशीटर और एक चालानशुदा चैन स्नैचर को भी सुरक्षात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर पाबंद किया गया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जिले में चलाए गए विशेष सर्च अभियान में खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाशराम के नेतृत्व में थाने के जाब्ते से 10 विशेष टीमें गठित की गईं। जहां गठित टीम ने 22 जून की रात 11 बजे से 23 जून की सुबह 11 बजे तक चले 12 घंटे के अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों एवं अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर एक साथ दबिश दी गई। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 528 देशी शराब के पव्वे बरामद किए गए। इसके अलावा दो लंबित स्टैंडिंग वारंटों का भी निस्तारण किया गया।
वहीं आबकारी अधिनियम के तहत तारा देवी, सीमा देवी, सीता देवी, नगीना सांसी, अंजलि सांसी, लाली सांसी, रामनारायण सांसी, राजेश सांसी, सूरज तथा कुमर सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा इस अभियान के दौरान शांति भंग की आशंका के मद्देनजर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत क्षेत्र के चिन्हित हिस्ट्रीशीटर बाबू खान (45) को गिरफ्तार कर पाबंद किया गया। वहीं पूर्व में चैन स्नैचिंग के मामलों में चालानशुदा वसीम खान (30) को भी गिरफ्तार कर सुरक्षात्मक कार्रवाई की गई।