शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
निसं
जयपुर (नवयत्न)। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। राजधानी जयपुर में शुरू विशेष अभियान के तहत 557 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 271 चालकों पर कार्रवाई हुई। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में आयुक्तालय के चारों जिलों में नाकाबंदी कर वाहन चालकों की जांच की जा रही है। पिछले 24 घंटे में जयपुर पूर्व जिले में 74, पश्चिम में 37, उत्तर में 25 और दक्षिण में 33 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, यातायात पुलिस ने 102 चालकों पर कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और चालक के साथ अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ती है। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इय अभियान शुरू होने से अब तक जयपुर पूर्व जिले में 112, पश्चिम में 85, उत्तर में 64 और दक्षिण में 68 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात पुलिस ने इस दौरान सर्वाधिक 228 कार्रवाई की हैं।