पुलिस को मिले दो अत्याधुनिक हाईवे रेस्क्यू वाहन, घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर रहेगा फोकस
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर राहत और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में चूरू पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले को आवंटित दो अत्याधुनिक हाईवे रेस्क्यू वाहनों को सोमवार को पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन सड़क हादसों के दौरान ‘फर्स्ट रिस्पोन्डर’ के रूप में काम करेंगे और घायलों को सुरक्षित निकालकर ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल पहुंचाने में मदद करेंगे।
एसपी निश्चय प्रसाद एम. ने बताया कि दोनों रेस्क्यू वाहन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में संचालित होंगे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षित पुलिसकर्मी अत्याधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगे।
आधुनिक उपकरणों से लैस हैं वाहन
रेस्क्यू वाहनों में आपातकालीन बचाव कार्यों के लिए मल्टीपरपज कोलैप्सिबल टॉवर लाइटिंग सिस्टम, हाइड्रोलिक जैक, इलेक्ट्रिक विन्च, पेट्रोल पावर्ड वुड कटर, स्पाइन बोर्ड, फोल्डेबल स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सिलेंडर किट, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, ग्लास कटर, एंगल ग्राइंडर, जीपीएस सिस्टम, रियर व्यू कैमरा, सेफ्टी कोन्स, ट्रैफिक बैटन, फ्लोरोसेंट जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्राथमिक उपचार देना आसान होगा।
हादसों के साथ हाईवे पर भी रखेंगे नजर
दुर्घटना की सूचना नहीं मिलने की स्थिति में दोनों वाहन अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित हाईवे पेट्रोलिंग करेंगे। इस दौरान नो-एंट्री उल्लंघन, अवैध पार्किंग, यातायात नियमों की अवहेलना तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशिक्षित पुलिसकर्मी संभालेंगे जिम्मेदारी
पुलिस लाइन चूरू के प्रशिक्षित हैडकांस्टेबल और कांस्टेबलों को इन वाहनों पर तैनात किया गया है। इन्हें रेस्क्यू उपकरणों के संचालन और आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। आवश्यकता अनुसार अन्य पुलिसकर्मियों को भी चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सालासर और भानीपुरा में रहेगा मुख्यालय
जिला पुलिस के अनुसार एक रेस्क्यू वाहन का मुख्यालय सालासर तथा दूसरे का भानीपुरा रखा गया है। पहला वाहन एनएच-52 सहित आसपास के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर तैनात रहेगा, जबकि दूसरा वाहन मेगा हाईवे और अन्य दुर्घटना संभावित मार्गों पर सेवाएं देगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सड़क दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस या आपातकालीन सेवा को दें, ताकि घायलों को समय पर सहायता मिल सके और बहुमूल्य जीवन बचाया जा सके।