गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रविवार दोपहर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीडियो में एक बदमाश मोबाइल पर बात करते हुए जा रही महिला का पीछा करता नजर आता है। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद सुनसान गली में मौका पाकर वह पीछे से महिला को पकड़कर छेड़छाड़ करता है। महिला के विरोध कर शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो जाता है।
थानाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में यह वीडियो 25 मार्च का बताया जा रहा है।
राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नई आपराधिक कानूनों की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You might also like