मानक एवं गुणवत्ता जागरूकता पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। भारतीय मानक ब्यूरो के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीमाधोपुर के मानक क्लब द्वारा मानक एवं गुणवत्ता जागरूकता विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को आईएसआई मार्क, बीआईएस हॉलमार्क, एगमार्क, बीआईएस केयर ऐप, गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं की खरीदारी में बरती जाने वाली सावधानियों तथा उपभोक्ता अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। मानक क्लब मेंटर धनाराम जाट के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अमानक वस्तुओं से बचाव, गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के उपयोग एवं उपभोक्ता जागरूकता का संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। साथ ही विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रचनात्मक पोस्टर बनाकर गुणवत्ता एवं मानकीकरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 11 के प्रेम कुमार ने प्रथम, कृष्ण कुमार ने द्वितीय तथा चंचल सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अल्पाहार भी कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like