प्रवासियों की नहीं करवा रही है स्कैनिंग
पंचायत नहीं दे रही है ध्यान
रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)15 मई। तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से आए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की पंचायत द्वारा सुध नहीं लेने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी अनुसार सरकार के आदेशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले प्रवासियों को गांव के ही विद्यालयों में क्वारेंटाइन किया जा रहा है लेकिन विद्यालयों में क्वारेंटाइन किये गये प्रवासियों की पंचायत सुध नहीं ले रहा है।
दिल्ली के गांधीनगर से रमेश मेघवाल व महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से आये लक्ष्मण नाथ सिद्ध, हँसनाथ सिद्ध, रामेश्वर नाथ सिद्ध एवं बजरंग लाल सिद्ध सहित 5 जनों को 11 मई को उनको विद्यालय में क्वारेंटाइन किया गया। प्रवासियों का कहना है कि करीब 5 दिन से गांव भरपालसर के विद्यालय में रह रहें हैं। आने के बाद पंचायत ने उनकी कोई सुध नहीं ली है, खाने-पीने की व्यवस्था सहित सेनेटाइजर साबुन भी उन्हें उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं और प्रवासी खाना भी अपने घर से मंगवाकर अपना गुजारा कर रहे हैं और तो और पंचायत ने करीब 5 दिन बीत जाने के बाद भी इन प्रवासियों की जांच या स्कैनिंग नहीं करवाई है। महाराष्ट्र से आए लक्ष्मण नाथ ने बताया कि उन्हें यहां आए हुए 5 दिन हो गए हैं लेकिन पंचायत व सरकार द्वारा उन्हें किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं दी गई है व स्कूल की दरी पर ही सो कर अपना समय व्यतीत कर रहे हैं।
इस बारे में विद्यालय प्रभारी को जब पूछा तो उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा या शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें कोई व्यवस्था नहीं दी गई है यहां पर बिजली, पानी एवं कमरे की व्यवस्था स्कूल द्वारा कर दी गई है बाकी पंचायत अपने स्तर पर करेगी।
इस बारे में स्थानीय एसडीएम गौरव सैनी से जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि इनकी व्यवस्था की जा रही है फिर भी किसी के पास सुविधाओं का अभाव है या सुविधाएं नहीं पहुंची है तो उन्हें सरकार द्वारा दी जा रही सहायता पहुंचा दी जाएगी। एसडीएम गौरव सैनी कोरोना वायरस को लेकर काफी गंभीर व सजग है। इसके बावजूद भी कहीं न कहीं मोनिटरिंग के अभाव में इन लोगों तक सरकारी सुविधाएं नही पहुंच रही है जिसके कारण इन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।