प्रेम प्रसंग के चलते ढ़ाई घंटे तक रूका रहा प्रेमिका का अंतिम संस्कार
पाटन,(प्रवीण कुमार योगी)31 मई। पाटन इलाके के नाथा की नांगल में पेट्रोल जलाकर प्रेमिका को मारने के मामले में ढ़ाई घंटे तक श्मशान घाट में शव रखकर परिजनों व ग्रामिणों ने अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। जानकारी के अनुसार नाथा की नांगल में गुरुवार रात को घर में घुसकर युवती को जलाया गया जिसकी अगले दिन मौत हो गयी थी। जब युवती का अंतिम संस्कार किया जा रहा था तो प्रदर्शनकारियों ने शव जलाने से इंकार कर दिया। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
ढ़ाई घंटे तक धरने पर बैठे रहे
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मृतका की हत्या में कथित प्रेमी बाकेश कुमार के अलावा और भी कई लोगों का हाथ है। जिन्हें पहले गिरफ्तार किया जाए। करीब ढाई घंटे तक अपनी इसी मांग को लेकर परिजन ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे रहे।
सूचना पर नीमकाथाना डीवाईएसपी सांवर मल सहित पाटन थानाधिकारी नरेन्द्र भी मौके पर पहुंचे। काफी देर समझाइश के बाद उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना खत्म करवाया। इसके बाद युवती का दाह संस्कार किया गया।
यह था मामला
23 वर्षीय युवती गुरुवार रात को परिवार के साथ घर के चौक में सो रही थी। इसी दौरान गांव का बाकेश कुमार मकान के पीछे से छत पर चढ़कर चौक में पहुंचा और युवती पर पेट्रोल डालकर उसके आग लगा दी। जिसे लेकर परिजन नीमकाथाना के सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया गया था। जहां एसएमएस अस्पताल में युवती ने दम तोड़ दिया था।