मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, अमन-भाईचारे का दिया संदेश

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। कस्बे में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के योमे विलादत के अवसर पर मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मस्जिदों के इमामों की अगुवाई में जुलूस निकाला गया। जुलूस वार्ड नंबर 18 स्थित मोहम्मदी मस्जिद से रवाना हुआ। यह मुख्य बाजार, कसाई मोहल्ला और अंजुमनगढ़ होते हुए मदीना मस्जिद पहुंचा। जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। इस दौरान वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए अमन, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। लोगों ने देश में सुख-शांति और खुशहाली की दुआ की। जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

You might also like