राशन डीलर पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ तहसील के ग्राम जांदवा में राशन डीलर द्वारा गत माह का ग्रामीणों को राशन वितरित नहीं किया गया और इस माह भी जब ग्रामीणों को राशन के लिए चक्कर लगाने के हेतु मजबूर किया, तो लोग आक्रोशित हो गए। इस पर किसान सभा के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, तो डीलर द्वारा राशन वितरण का कार्य शुरू किया गया। मामला तहसील के ग्राम जांदवा का है। किसान सभा के मदनलाल जाखड़ ने बताया कि राशन डीलर मदनलाल द्वारा गत माह गांव में राशन वितरित नहीं किया गया और गत दिवस शुक्रवार को जब ग्रामीण इस माह का राशन लेने के लिए आए, तो उनसे दो बार अंगुठा लगवाया गया। इस घटना का ग्रामीणों ने विरोध किया तथा किसान सभा को सूचना दी। किसान सभा द्वारा जब घटना को लेकर एतराज जताया गया, तो जिन ग्रामीणों के दो बार अंगूठे लगाए गए उन्हें गत माह का राशन देकर माफी मांगी। जाखड़ ने बताया कि उक्त डीलर द्वारा पूर्व में भी ग्राम बीरमसर में इस तरह की हरकत की गई थी और माफी मांगकर उक्त घटना को रफा-दफा किया गया था। लेकिन फिर उक्त हरकत डीलर की सामने आई है, जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। इस मौके पर किसान सभा के सचिव बिरजूराम खीचड़ सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।