क्षेत्रीय विकास परिषद सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत संजोने में अग्रणी संस्था : पारीक
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। निकटवर्ती कस्बा अजीतगढ़ के कचहरी स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में क्षेत्रीय विकास परिषद की वार्षिक बैठक पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित जगदीश प्रसाद पारीक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें मंगलवार 20 अक्टूबर को विजयादशमी महोत्सव 2026 की तैयारियों पर चर्चा हुई तथा जिम्मेदारियां सौंपी गई। वहीं सर्वसम्मति से विजय पारीक को परिषद अध्यक्ष व महेश रामावत को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। बैठक को संबोधित करते हुए पद्मश्री से सम्मानित जगदीश पारीक ने कहा कि अजीतगढ़ अंचल में सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने में परिषद अग्रणी संस्था है तथा अनुकरणीय कार्यों में आमजन की सदैव भागीदारी बनी रहती है। इससे पूर्व परिषद अध्यक्ष राजेश शर्मा ने निजी कारणों से पद पर कार्य करने में असमर्थता व्यक्त की। इस पर बैठक में सर्वसम्मति से युवा स्तंभकार विजय पारीक को अध्यक्ष एवं महेश रामावत को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया तथा कार्यकारिणी घोषित करने के लिए स्वतंत्र किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष राजेश शर्मा के विगत 4 वर्षों के कार्यों की सराहना की। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित पारीक ने निवर्तमान अध्यक्ष शर्मा का माल्यार्पण एवं साफा बंधवाकर सम्मान किया। वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष विजय पारीक, कार्यकारी अध्यक्ष महेश रामावत का माल्यार्पण एवं साफा बंधवाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष पारीक ने कहा कि परिषद के संगठनात्मक ढांचे में नए सदस्यों को शामिल करके अजीतगढ़ शहर की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने एवं आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने परिषद के सदस्यों को साथ लेकर सकारात्मक सोच के साथ रचनात्मक कार्य करने की बात कही। बैठक में 20 अक्टूबर को विजयादशमी महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर चर्चा की जिसमें नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रशासनिक अनुमति के लिए विक्रम सिंह बांकावत, शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक, धार्मिक झांकियों के लिए संपर्क हेतु महेश रामावत, जीएल टेलर, पूरण प्रजापत, भोलू बड़सीवाल आदि की टीम को जिम्मेदारी दी है। महोत्सव में मैदान की व्यवस्थाओं के लिए राजेश शर्मा, मालीराम बारी, मोहम्मद शरीफ गोरी, जगदीश कारीगर को जिम्मेदारी दी गई। आगामी रविवार को बैठक आयोजित करने का निर्णय किया गया। बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष राजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष मालीराम बारी, पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शरीफ गोरी, पूर्व कोषाध्यक्ष जगदीश कारीगर, नरेंद्र टेलर, महेंद्र सिखवाल, रिटायर्ड सैनिक बाबूलाल गुर्जर, प्रवक्ता विक्रम सिंह बांकावत, सचिव चैतन्य मीणा, पूरण प्रजापत समेत अनेक पदाधिकारी, सदस्यगण मौजूद थे।