युवा शक्ति की लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु 283 युवाओं का पंजीकरण
दिनेश जाखड़
गुढ़ा (नवयत्न)। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से उदयपुरवाटी क्षेत्र के तीनों राजकीय महाविद्यालयों एवं निजी महाविद्यालयों में विशेष नवमतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेठ श्री केदारनाथ मोदी राजकीय महाविद्यालय, गुढ़ा में आयोजित विशेष शिविर के दौरान 38 नवमतदाताओं का पंजीकरण किया गया। इससे पूर्व 19 अक्टूबर को नवरात्रि अवकाश के दौरान आयोजित विशेष शिविर में 38 तथा 21 अक्टूबर को आयोजित शिविर में 48, 22 अक्टूबर को 38 पात्र युवाओं का पंजीकरण किया गया। इस प्रकार विशेष शिविरों के माध्यम से लगातार नवमतदाता पंजीकरण कार्य को गति प्रदान की जा रही है। अभियान के अंतर्गत उदयपुरवाटी क्षेत्र के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में अब तक कुल 283 नवमतदाताओं का पंजीकरण किया जा चुका है। महाविद्यालय स्तर पर नवाचार के रूप में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अतिरिक्त महाविद्यालय में अध्ययनरत नहीं होने वाले 3 पात्र युवाओं का भी मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया गया। इस पहल से नवमतदाता पंजीकरण अभियान का लाभ महाविद्यालय परिसर से बाहर के पात्र युवाओं तक भी पहुँचाया जा सका। 10 अक्टूबर से निरंतर विशेष शिविरों का आयोजन करते हुए नवमतदाता पंजीकरण एवं मतदाता जागरूकता अभियान को गति प्रदान की जा रही है। अभियान के अंतर्गत पहली बार 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक स्थानीय बीएलओ एवं महाविद्यालय में गठित समिति के समन्वित प्रयासों से विद्यार्थियों एवं अन्य पात्र युवाओं का नवमतदाता पंजीकरण कराया जा रहा है।
महाविद्यालय में गठित समिति के सदस्य डॉ सुशील कुमार शर्मा, डॉ विजेन्द्र सिंह तंवर एवं ईएलसी प्रभारी डॉ नरेश कुमार द्वारा नवमतदाता पंजीकरण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। तकनीकी विशेषज्ञ मधुसूदन सिंह एवं संजय कुमार द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय, उदयपुरवाटी (राजसेस) में ईएलसी प्रभारी डॉ अजीत कुमार तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय, गुढ़ा (राजसेस) में ईएलसी प्रभारी डॉ सत्तार कुरैशी एवं तकनीकी विशेषज्ञ ओमप्रकाश एवं डॉ विनोद के सहयोग से नवमतदाता पंजीकरण कार्य संपन्न कराया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो (डॉ) अनिता झाझड़िया ने शुक्रवार को इस महाविद्यालय के अधीन राजकीय कन्या महाविद्यालय, गुड़ा (राजसेस) में उपस्थित होकर विशेष नव मतदाता पंजीकरण अभियान के अंतर्गत नवाचार करते हुए 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं एवं छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित नव मतदाताओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी तथा एक जागरूक नागरिक के रूप में अपने मताधिकार के प्रयोग के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नोडल महाविद्यालय में 12, राजकीय महाविद्यालय उदयपुरवाटी में 9 तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय गुढ़ा में 11 नवमतदाताओं का पंजीकरण कराया गया है। इस प्रकार 10 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक राजकीय महाविद्यालय गुढ़ा में 128, राजकीय महाविद्यालय उदयपुरवाटी में 54 तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय गुड़ा में 37, इस तरह तीनों राजकीय महाविद्यालयों में कुल 219 नवमतदाताओं का पंजीकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त निजी महाविद्यालयों में 61 नवमतदाताओं का पंजीकरण कराया गया है। इस प्रकार तीनों राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में कुल 283 नवमतदाताओं का पंजीकरण किया जा चुका है।