कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती पहचान से बच सकती है जान
जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । विश्व कैंसर दिवस पर फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल जयपुर में कैंसर जागरूकता हेल्थ टॉक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को कैंसर की शुरुआती पहचान,समय पर जांच,रोकथाम और आधुनिक उपचार के बारे में जागरूक करना रहा। इसमें मरीजों,परिजनों और शहर के नागरिकों ने भाग लिया।
विशेषज्ञों ने बताया कि कैंसर का समय पर पता लगने से उपचार अधिक सफल होता है और मरीज की जीवन गुणवत्ता बेहतर रहती है। कार्यक्रम में शुरुआती लक्षण, नियमित स्क्रीनिंग, स्वस्थ जीवनशैली और मल्टी-डिसिप्लिनरी उपचार की भूमिका पर जानकारी दी गई तथा कैंसर से जुड़े मिथकों का खंडन किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में मुंह, स्तन,गर्भाशय ग्रीवा,फेफड़े,मस्तिष्क और प्रोस्टेट कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। तंबाकू सेवन के कारण पुरुषों में मुंह और फेफड़ों का कैंसर अधिक है। जबकि महिलाओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर चिंता का विषय हैं।
सीनियर कंसल्टेंट मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. दिवेश गोयल ने बताया कि राज्य में कैंसर मामलों में खतरनाक वृद्धि हो रही है और इंटरनेशनल क्लासिफिकेशन ऑफ डिजीज रिपोर्ट के अनुसार प्रति लाख आबादी पर जयपुर सबसे अधिक प्रभावित शहरों में शामिल है। सीनियर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. नरेश कुमार सोनी ने बताया कि भारत में 60-70 प्रतिशत मामलों में सर्जरी की जरूरत पड़ती है और शुरुआती पहचान से सफलता बढ़ती है। वहीं डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि भारत में हेड-नेक कैंसर के एक-तिहाई मामले पाए जाते हैं और राजस्थान में यह 32 प्रतिशत से अधिक है। जिसका मुख्य कारण तंबाकू है। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। जिसमें प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से उपचार और देखभाल से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।