25 बीघा में बन रही रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी, 1 नवंबर से शुरू होंगे एडमिशन

निसं
बुगाला (नवयत्न)। शेखावाटी के युवा क्रिकेट खिलाडिय़ों के लिए अच्छी खबर है। झुंझुनूं जिले के छऊ गांव में 25 बीघा जमीन पर पीएल दडिय़ा रेजिडेंशियल क्रिकेट अकादमी तैयार की जा रही है। अकादमी का निर्माण अंतिम चरण में है। यहां 1 नवंबर 2026 से एडमिशन शुरू होंगे। इसमें शेखावाटी के अलावा राजस्थान और दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी प्रवेश ले सकेंगे। अकादमी के संस्थापक प्यारेलाल दडिय़ा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में क्रिकेट की प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सही कोचिंग और सुविधाएं मिलने पर ये खिलाड़ी आगे बढ़ सकते हैं। इसी उद्देश्य से अकादमी शुरू की जा रही है। यहां खिलाडिय़ों को क्रिकेट के साथ फिटनेस और अनुशासन पर भी काम कराया जाएगा। दडिय़ा ने बताया कि अकादमी को शुरू करने में जिला क्रिकेट संघ के सचिव हरिश्चंद्र सिंह और जिला खेल अधिकारी राजेश ओला का मार्गदर्शन मिलता रहा है। अकादमी का उद्देश्य शेखावाटी और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण देना है, ताकि वे आगे चलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेल सकें और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
ऑस्ट्रेलियन बरमूडा घास वाला मैदान
अकादमी में क्रिकेट का मैदान अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुसार तैयार किया जा रहा है। मैदान में ऑस्ट्रेलियन किस्म की बरमूडा घास लगाई जा रही है। मैदान का काम जयपुर के विशेषज्ञों की देखरेख में चल रहा है। खिलाडिय़ों के लिए अनुभवी और बीसीसीआई प्रमाणित कोच, एसी रेजिडेंशियल हॉस्टल, अटैच बाथरूम, प्रैक्टिस नेट्स, जिम और स्विमिंग पूल की सुविधा होगी। खिलाडिय़ों को फिटनेस और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इसके अलावा नियमित रूप से मैच प्रैक्टिस कराई जाएगी।
खाने और फिटनेस का भी रहेगा ध्यान
अकादमी में खिलाडिय़ों की दिनचर्या खेल के हिसाब से तय की जाएगी। खिलाडिय़ों को पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। इसमें अंकुरित अनाज, मौसमी फल, अंडे, उबले आलू सहित अन्य पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल होंगे। पूरे सप्ताह अभ्यास के बाद शनिवार को मनोरंजन कार्यक्रम भी रखा जाएगा। इसका उद्देश्य खिलाडिय़ों को तनाव से दूर रखते हुए अच्छा और सकारात्मक माहौल देना है।

You might also like