बड़ाबास में दूषित पेयजल की सप्लाई से वार्डवासी परेशान, तीसरी बार घर के नलों में आया गंदा पानी
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के बड़ाबास क्षेत्र में दूषित पेयजल की समस्या ने वार्डवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। ईदगाह चौराहे के पास जलापूर्ति के दौरान एक बार फिर घरों में गंदा एवं दूषित पानी पहुंचा है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तीसरी बार सप्लाई के दौरान दूषित पानी आने से लोगों में रोष व्याप्त है।
वार्डवासियों का कहना है कि बार-बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लगातार दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं, दूषित पानी के सेवन से खुजली, त्वचा संबंधी बीमारियों एवं अन्य संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पेयजल आपूर्ति लाइन की तत्काल जांच करवाई जाए तथा दूषित पानी आने के कारणों का पता लगाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।