आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी
डी के सैनी
जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । प्रताप नगर थाना इलाके में स्थित आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज को गुरुवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी सांगानेर) हरिशंकर शर्मा ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजे आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज की ऑफिशियल ई-मेल पर कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस,एटीएस,डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एजेंसियों ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेडिकल कॉलेज कैंपस को खाली करवाया गया और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। साथ ही डॉग स्क्वायड की सहायता से सभी भवनों, कक्षों और संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान कुछ समय तक जारी रहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और भेजने वाले की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति सामान्य है। लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।