बाइक व पीकअप में सवार होकर आए युवकों ने सब्जी की दुकान पर की फायरिंग

एक व्यक्ति घायल

खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)18 मई।  उपखंड के लालगढ़ में सोमवार देर शाम को बाइक व पीकअप में सवार होकर आए कुछ युवकों ने सब्जी की दुकान पर फायरिंग कर दी। हादसें में एक युवक के दो गोली लगने से वह घायल हो गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं रैफर कर दिया। दुकान संचालक रामनिवास सैनी निवासी लालगढ़ ने बताया कि उसकी दुकान पर शाम करीब साढ़े छह बजे दो बाइक पर चार युवक आए तथा उससे तरबूज ले लिया। तरबूज काटकर दिखाने पर वह तरबूज लेकर चले गए तथा कुछ देर में वापिस आए और तरबूज खराब होने की बात कही। जब दुकानदार ने रूपए वापिस देने की बात कही तो उन्होने उससे दस किलो तरबूज और ले लिया तथा बिना रूपए दिए ही फरार हो गए। कुछ ही देर बाद दो बाइक व एक पीकअप में वह युवक दोबारा आए तथा गाली गलौच करते हुए झगड़ा करने लगे। झगड़ा होने पर दुकानदार रामनिवास का भाई शीशराम अपने घर से बाहर आया तथा उनके बीच-बचाव करने लगा तो एक युवक ने फायर शुरू कर दिए। युवक द्वारा तीन फायर करने पर दो गोली शीशराम पुत्र पोकर मल के एक कोहनी में तथा एक जांघ में घुस गई। फायरिंग होने की घटना के बाद आरोपी फरार हो गए तथा काफी ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में आंशिक रोड जाम कर विरोध जताया। घटना की सूचना पर थानाधिकारी शीशराम मीणा मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाइस की। थानाधिकारी शीशराम मीणा ने बताया कि ग्रामीणों से पुछताछ में सामने आया कि घटना को अंजाम देने वाले प्रवीण, विजेंद्र, ज्वाला सिंह, करनेल सिंह निवासी काली पहाड़ी व एक युवक गांवली के रहने वाले थे। पुलिस ने युवकों की पहचान कर ली है तथा उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घायल शीशराम को उपचार के लिए खेतड़ी के राजकीय अजीत अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं रैफर कर दिया।

You might also like