खेतड़ी में सद्भावना दिवस मनाया, समाजहित में कार्य करने का आह्वान

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को खेतड़ी कस्बे के पोलो ग्राउंड खेल मैदान में सद्भावना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में आमजन को समाजहित में कार्य करने और महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर रहे, जबकि अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष गीता सैनी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की। विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी और प्रगति के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से जीवन में गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें सुधारकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और खान-पान का असर व्यक्ति के व्यवहार पर भी पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर समाजहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर सच्चाई और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने आमजन को सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और समाजहित के कार्यों में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, लीलाधर सैनी, विजेंद्र सैनी, नगेंद्र सिंह सोढ़ा, निखिल शर्मा, सोनू अग्रवाल, एसआई सुनील सैनी, प्रताप सिंह, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, कैलाश स्वामी, पवन कुमार, राजवीर सिंह, सत्येंद्र सिंह, डॉ. सोमदत्त भगत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

You might also like