सादुलपुर थानाधिकारी विश्नोई की आत्महत्या का मामला
विधायक पूनिया व सरकार के खिलाफ लोगों ने किया प्रदर्शन कलेक्टर, एसपी सहित आलाधिकारी पहुंचे मौके पर
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)23 मई। सादुलपुर थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई की आत्महत्या के मामले के बाद शहर की सड़को पर भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस थाने के सामने लोगों की भीड़ ने विधायक कृष्णा पूनिया तथा कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

वहीं जिला कलेक्टर संदेश नायक एवं एसपी तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों ने थाना अधिकारी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की तथा विधायक के खिलाफ रोष जताया। आक्रोशित लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इसके अलावा भाजपा नेता रामसिंह कस्वां ने कहा कि निष्पक्ष और ईमानदारी व्यक्ति को न्याय तभी मिलेगा जब दोषियों को सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन थानाधिकारी की आत्महत्या के मामले की निष्पक्षता से जांच करें अन्यथा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं बसपा नेता पूर्व विधायक मनोज न्यांगली ने कहा कि जब तक थानाधिकारी की आत्महत्या मामले में निष्पक्ष और न्याय संगत कार्रवाई नहीं होगी तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होंगे।
इसके अलावा देहात भाजपा मंडल अध्यक्ष सतवीर पूनिया, नगर पालिका अध्यक्ष जगदीश बैरासरिया आदि ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस थाने के सामने हजारों लोगों की भीड़ एकत्रित हुयी तथा विधायक कृष्णा पूनिया के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर का बाजार बंद हो गया तथा व्यापारी दुकानों को बंद कर पुलिस थाने के सामने पहुंचने लगे। इसके अलावा मुख्य स्थल पर जिला कलेक्टर संदेश नायक, एसपी तेजस्विनी गौतम, एसडीएम इंदिरा सिंह आदि जांच में जुटे हैं। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ जयपुर से सादुलपुर के लिए रवाना हो गए।
