नाई समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक गाने पर सैन समाज संघ ने सौंपा ज्ञापन
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। नाई समाज को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक गाना प्रसारित किए जाने के मामले में सैन समाज संघ, बिसाऊ की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। समाज के लोगों ने गाने को सोशल मिडिया से हटाने और संबंधित गायक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में सैन समाज संघ के अध्यक्ष मनोज सैन सहित समाज के लोगों ने बताया कि भोजपुरी गायक गणेश लाजवाब यादव, जिला बिहार की ओर से अपने चैनल पर नाई समाज से संबंधित कथित आपत्तिजनक गाना प्रसारित किया गया है। समाज के लोगों का कहना है कि गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में संबंधित गाने का एक अंश भी उल्लेखित किया गया है। समाज की ओर से मांग की गई कि उक्त गाने की जांच करवाकर उसे चैनल से हटवाया जाए तथा गाना बनाने और प्रसारित करने वाले के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। समाज के लोगों ने कहा कि भविष्य में किसी भी समाज या समुदाय को लेकर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं हो, इसके लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन की एक प्रति तहसीलदार, बिसाऊ को भी सौंपी गई। इस दौरान सैन समाज संघ के पदाधिकारी और समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।