सरकारी कर्मचारियों के लिये नई गाइडलाइन तय की गई
जयपुर,13 मई । कोरोना संक्रमण के दौर से गुजर रहे राजस्थान में सरकारी दफ्तरों के लिए नई गाइडलाइन तय की गई है। 17 मई को लॉकडाउन का तीसरा फेज समाप्त होने के बाद राजस्थान के सरकारी दफ्तरों में कामकाज पहले की तरह व्यवस्थित ढंग से शुरू करने को लेकर गाइडलाइन तय की गई है। इसके तहत शासन सचिवालय सहित सभी विभागों के मुख्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों के अतिरिक्त बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कामकाज के लिए भी फाइलों के पृष्ठ पलटे समय उंगलियों पर थूक लगाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी आदत बदलने के लिए कहा गया है। अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा गया है कि वे थूंक नहीं लगाएं। मास्क पहनकर आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ही दफ्तर में प्रवेश दिया जाएगा। सभी को बार-बार हाथ धोने होंगे। कार्यालय के मुख्यद्वार पर सेनेटाइजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही फाइल देखते समय खाने-पीने से बचने की हिदायत दी गई है। सरकारी कार्यालयों में लिफ्ट का उपयोग कम से कम करने एवं कर्मचारियों को दस्ताने पहनकर ही फाइलें एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करने के लिए कहा गया है।