भाजपा कार्यकर्ताओं पर सत्ताधारी लोगों के इशारों पर मुकदमे दर्ज कर रही पुलिस
प्रेस वार्ता का आयोजन
चूरू,(पीयूष शर्मा)28 मई। भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में पुलिस सत्ताधारी लोगों के इशारों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है।
गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में जिलाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि रतननगर में उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ता पानी-बिजली की मांग को लेकर सोशल डिस्टेंसिंग के मुताबिक आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान चूरू एसडीएम ऑफिस से मेल कर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। इसमें कांगे्रस के लोगों का दवाब साफ नजर आ रहा है। जबकि उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की ओर से हर समय लोगों को सरकारी दिशा-निर्देशों व कानून की पालना करने की अपील की जाती है।
जिलाध्यक्ष गुप्ता ने कहा भाजपा कार्यकर्ताओं पर सामान्य सोशल मीडिया पोस्ट को लाइक करने पर मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं विपक्षी दल के लोगों की ओर से देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है। भाजपा का हर कार्यकर्ता कोरोना महामारी के इस दौर में जनता की मदद करने में जुटा है। आगामी चार जून को भाजपा कार्यकर्ता उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ के नेतृत्व में पानी बिजली की समस्या को लेकर जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपेंगे। इससे पहले उन्होंने सर्वप्रथम वीर सावरकर को श्रद्धांजली अर्पित कर उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला महामंत्री नरेंद्र काछवाल, जिला उपाध्यक्ष भास्कर शर्मा, जिला आईटी संयोजक रमेश शर्मा, जिला आईटी सह संयोजक सुरेश मिश्रा, मीडिया संयोजक रवि दाधीच व सह संयोजक निरज जांगिड़ आदि उपस्थित थे। प्रारंभ में जिला महामंत्री नरेंद्र काछवाल ने परिचय दिया। जिला उपाध्यक्ष भास्कर शर्मा ने उपस्थितजन का आभार जताया।
संकट की घड़ी में 100 करोड़ ट्रस्ट वाले हैं चूरू से नदारद
प्रेस वार्ता में पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने कहा कि वैश्विक कोरोना संकट के इस दौर में सौ करोड़ से अधिक के ट्रस्ट वाले व पिछले कई चुनाव लड़ने वाले विपक्षी दल के नेता अब तक चूरू से नदारद हैं। वहीं भाजपा का हर कार्यकर्ता जनसेवा में जुटा है। उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने खुद की जेब से 10 लाख 37 हजार 500 रुपए खर्च कर जगह-जगह सैनेटाइजर मशीनों का वितरण किया है। भामाशाहों की ओर से दिए गए 44 लाख 35 हजार रुपए के आर्थिक सहयोग से गोशालों में सब्जियों-तरबूत वितरित करवाए गए हैं। प्रवासी श्रमिकों को 6100 चरण पादुकाएं वितरित की गई हैं। हजारों डिटोल साबुन वितरण के लिए अलावा परिंदों के लिए जगह-जगह परिंडे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के कार्य निरंतर जारी रखेगी। कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इन झुठे मुकदमों में फंसाकर हमें जरूतमंदों की मदद करने से रोक नहीं सकती। गांवों में बिजली पानी की समस्या निरंतर बढ़ती जा रही है। इसका समाधान नहीं किया गया तो भाजपा जल्द ही बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
कोरोना कर्मवीरों के माता-पिता का करेंगे सम्मान
प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष डा. वासुदेव चावला ने कहा कि इस कोरोना महामारी के दौरान हम रचनात्मक व आंदोलनात्मक कार्य कर रहे हैं। उन्होने बताया कि रचनात्मक कार्यों में आगामी दिनों में कोरोना कर्मवीरों के माता-पिता का सम्मान किया जाएगा। इसी क्रम में वीर सावरकर जयंती पर संपूर्ण जिले में रक्तदान शिविर लगाए गए हैं। आगामी 31 मई को प्रसारित प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर तक सुनाया जाएगा। आगामी पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के निर्देशन में नेचर पार्क रोड पर पीपल के पौधे लगाकर रोड को पीपल स्ट्रीट बनाया जाएगा। आगामी दिनों में मेरा बूथ कोरोना मुक्त अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सादुलपुर के सीआई विष्णुदत्त विश्नोई की असामयिक मृत्यु की सीबीआई जांच करवाने व उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग की।
पीएम केयर्स में दे चुके करीब डेढ़ करोड़
प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि 67 दिन के लॉक डाउन के दरमियान भाजपा परिवार के लोग लगातार गांव-ढाणियों में खाध्य सामग्री वितरित कर रहे हैं। करीब 15 हजार जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए हैं। पीएम के आह्वान पर पीएम केयर्स में चूरू जिले से लगभग चार हजार से अधिक लोगों ने करीब 1.5 करोड़ रुपए का देशहित में दान किया है। साथ ही पक्षियों के लिए दो हजार से अधिक परिंडे लगाए गए हैं। नेचर पार्क में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने अपने स्वयं के खर्चे से संसाधन उपलब्ध करवाकर पेड़ पौधों को नवजीवन दिया है। कांग्रेस के शासन में नेचर पार्क की उपेक्षा हुई है।